अमर उजाला ब्यूृरो
जम्मू। जीवन के लिए खतरा बन रहे पॉलिथीन के खिलाफ अब छात्र भी लोगों को जगाने के लिए शहर की सड़कों पर उतर आए हैं। मौका था-पॉलिथीन मुक्त जम्मू मुहिम को लेकर निकाली गई पदयात्रा का। अमर उजाला और नगर निगम के आह्वान पर 34 स्कूल सोमवार सुबह 8ः30 बजे परेड मैदान में पहुंचने शुरू हो गए थे। पौने 10 बजे तक कार्यक्रम स्थल खचाखच भर गया। मंच पर अधिकारियों के साथ आलाधिकारियों ने जागरूकता का संचार किया। वक्ताओं ने भाषणों के माध्यम से हजारों बच्चों, शिक्षकों व प्रबंधकों में ऐसी हुंकार भरी कि मानो पूरा शहर कार्यक्रम का हिस्सा बन गया हो। पौने घंटे के बाद आंदोलन की शक्ल में रैली को मुख्य सचिव अरुण मेहता व मेयर राजिंदर शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पुरानी मंडी, रघुनाथ बाजार, विवेकानंद चौक से महाराजा हरि सिंह पार्क तक 2.50 किलोमीटर रुट पर छात्रों ने पॉलिथीन बंद करने के नारे लगाए। तीखी धूप के बीच बच्चों की आवाज सुन ग्राहकों के साथ दुकानदार सड़क पर आ गए और जोश को देख संकल्प लिया कि पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करेंगे।
मेयर राजिंदर शर्मा, डिप्टी मेयर बलदेव सिंह बलोरिया और कई पार्षदों ने भीषण गर्मी के बीच बच्चों के उत्साह की तारीफ की व खुद कदम से कदम मिलाकर आमजन को जागरूक किया। इसी बीच, रघुनाथ मंदिर बाजार के व्यापारियों ने मेयर को सम्मानित कर अभियान में सहयोग किया। विवेकानंद चौक में भी मुहिम को बल मिला। पूरे रास्ते पर पॉलिथीन बंद करो, भारत माता की जय, जीवन प्यारा-पॉलिथीन नहीं, पॉलिथीन एक महामारी समेत अन्य नारों की गूंज रही। पुलिस विभाग की ओर से सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए गए। यातायात को कुछ समय के लिए रोककर मुलाजिम खुद जागरूकता की अपील करते दिखे। महाराजा हरि सिंह पार्क में रैली का समापन 11 बजे हुआ, जहां बच्चों को चायपान करवाया गया। दोपहर 12 बजे बच्चे स्कूलों के लिए रवाना हुए।
प्लास्टिक गलता नहीं, निस्तारण का विकल्प नहीं, खुद ही समझें
परेड मैदान में पॉलिथीन मुक्त जम्मू रैली को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव अरुण मेहता ने कहा कि प्लास्टिक सबसे बड़ी समस्या बन चुका है। यह खाने में भी पहुंच रहा है, जिसका शरीर पर विपरीत असर पड़ रहा है। इसके भयंकर परिणाम सामने आ रहे हैं। अब हमें खुद समझकर पॉलिथीन का प्रयोग बंद करना होगा। आगे कहा - प्लास्टिक गलता नहीं है जबकि कागज गल जाता है। प्लास्टिक को ठिकाने लगाने के लिए कोई विकल्प नहीं है। ऐसे में दुष्प्रभाव से बचना होगा, सभी को पॉलिथीन का प्रयोग बंद करना होगा। उन्होंने मेयर, डिप्टी मेयर, आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों को अभियान के लिए मुबारकबाद दी। कहा कि मेयर इस जंग को अंतिम अंजाम तक पहुंचाएं, तभी अभियान सफल होगा। साथ ही मेयर के शहर को साफ-सुथरा रखने के प्रयास को सराहा।
बदलाव देखा जा रहा, बदल रही लोगों की सोच
हरि सिंह पार्क में आयोजित कार्यक्रम में मेयर राजिंदर शर्मा ने कहा कि रैली में छात्रों के साथ-साथ एनजीओ और प्रबुद्ध लोगों ने सहयोग किया, जिसके लिए सभी का आभारी हूं। व्यापारी वर्ग ने अभियान को नए पड़ाव पर उतार दिया। जल्द शहर पॉलीथिन मुक्त हो जाएगा। मेयर ने कहा कि शहर में बदलाव देखा जा रहा है। लोगों की समय के साथ सोच बदली है। स्कूलों और कॉलेजों से छात्र जुड़ रहे हैं। जम्मू को पॉलिथीन मुक्त करने के लिए जंग जारी रहेगी। इस बार नवरात्र के दौरान भारी बदलाव देखा गया, क्योंकि हर बार साख तवी में प्रभावित होती थी, जो अब नहरों में हुई। अभियान एक माह पहले 24 अप्रैल को शुरू किया गया। इसी बीच रैली का आयोजन बड़ी बात है। अभियान के दौरान एक तरफ जागरूक किया गया तो दूसरी ओर बाजारों में चेकिंग की गई। जागरूकता की ऐसी मिसाल देखने के लिए मिली कि बहुत कम मात्रा में पॉलिथीन बरामद हुआ और जुर्माना किया गया। लोग सैल्यूलोज स्टार्च से बने थैलों का प्रयोग करें।
जुर्माना नहीं, पॉलिथीन बंद करना है मकसद
डिप्टी मेयर बलदेव सिंह बलोरिया ने कहा कि जुर्माना करना नगर निगम का उद्देश्य नहीं है, सिर्फ पॉलिथीन को बंद करना है। लोगों ने काफी सहयोग किया है। जैसे ही अभियान शुरू हुआ तो पॉलिथीन का प्रयोग काफी हद तक बंद हो गया। इसका असर बाजारों में भी पड़ा। डिमांड घटी और अभियान सफलता की ओर बढ़ा। सभी संकल्प लें कि पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करेंगे। ऐसे में खुद ही पॉलिथीन शहर से गायब हो जाएगा। किसी काे जुर्माना नहीं होगा। डिप्टी मेयर बलोरिया ने आगे कहा कि तीखी धूप में बच्चों का हौसला काबिल-ए-तारीफ है। उन्होंने अन्य वर्गों से अपील की कि आगे आकर पॉलिथीन को जड़ से मिटाएं। साथ ही ऐलान किया कि अधिवेशन करवाया जाएगा, जिसमें शहरभर से लोग भाग लेंगे। अब तक 20 हजार से ज्यादा स्कूली बच्चे अभियान का हिस्सा बन चुके हैं।
इनकी विशेष उपस्थिति
मुख्य सचिव डॉ. अरुण मेहता ने सिटी चौक तक रैली में भाग लेकर अभियान में सहयोग दिया। कार्यक्रम में डॉ. रीतू सिंह, एसएसपी (ट्रैफिक) फैसल कुरैशी, स्वामी गंगाधर शास्त्री, स्वामी नंद महाराज, पुरुषोत्तम, मॉर्निंग वॉकर्स, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, संगठनों से सदस्य, जेएमसी की स्थायी समितियों के अध्यक्ष अरुण खन्ना, सुभाष शर्मा, पार्षद नीतू गुप्ता, गुरमीत कौर रंधावा, नरोत्तम शर्मा, निधि मंगोत्रा, डॉ. अक्षय शर्मा, दिनेश महाजन, अनिल, जीत अंगराल, अनीता शर्मा, सुरजीत सिंह, द्वारका नाथ चौधरी, शाम लाल बस्सन, अशोक, रेखा मन्हास, कपिल सिंह चिब, अनिल कुमार और ज्योति देवी मौजूद रहे।
प्रतिभागी स्कूल
केसी पब्लिक स्कूल, शिक्षा निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल, एमआईईआर कॉलेज ऑफ एजुकेशन, गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वुमेन परेड, दिल्ली पब्लिक स्कूल जम्मू, गवर्नमेंट एमएएम कॉलेज जम्मू, पीएसपीएस गवर्नमेंट पीजी कॉलेज फॉर वुमेन गांधी नगर, दीवान बद्रीनाथ विद्या मंदिर अमरविला, गवर्नमेंट बॉयज एचआर सेकेंडरी स्कूल बख्शी नगर, सेंट पीटर्स हाई स्कूल, एसकेयूएएसटी, गवर्नमेंट गर्ल्स एचआर सेकेंडरी स्कूल मुट्ठी, एनसीसी गवर्नमेंट वुमेन कॉलेज परेड, गवर्नमेंट एचआर सेकेंडरी स्कूल पलौड़ा, गवर्नमेंट गर्ल्स हाई सेकेंडरी स्कूल कैनाल, गवर्नमेंट हाई सेकेंडरी स्कूल पलौरा, गवर्नमेंट गर्ल्स-बॉयज एचआर सेकेंडरी स्कूल गांधी नगर, गवर्नमेंट गर्ल्स एचआर सेकेंडरी स्कूल शास्त्री नगर, गवर्नमेंट एचआर सेकेंडरी स्कूल बाहु फोर्ट, गवर्नमेंट जीजीएम एससी कॉलेज, केसी इंटरनेशनल स्कूल अखनूर रोड, गवर्नमेंट गर्ल्स एचआर सेकेंडरी स्कूल बख्शी नगर, गवर्नमेंट गर्ल्स एचआर सेकेंडरी स्कूल नाबाबाद, गवर्नमेंट गर्ल्स एचआर सेकेंडरी स्कूल रिहाड़ी, गवर्नमेंट बॉयज एचआर सेकेंडरी स्कूल कैंप रोड नावाबाद, श्री रणबीर सेकेंडरी स्कूल, गवर्नमेंट हरि सिंह एचआर सेकेंडरी स्कूल, गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ एजुकेशन, जीडी गोयनका।