लद्दाख में नगर निकाय और पंचायत चुनाव
- फोटो : संवाद
लद्दाख में 5 अगस्त 2019 को केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव हो रहे हैं। इससे पहले क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर राज्य का हिस्सा रहते हुए स्थानीय चुनाव हुए थे। कड़ाके की ठंड और कई इलाकों में शून्य से नीचे तापमान के बावजूद सुबह 8 बजे मतदान शुरू होते ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे।
नगर निकाय चुनावों में कारगिल नगर परिषद में दोपहर 2 बजे तक 62.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि लेह नगर परिषद में 33.70 प्रतिशत वोट पड़े। लेह नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में मतदान हुआ, जबकि कारगिल नगर परिषद के 17 वार्डों में से चार वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
पंचायत चुनावों में संकू क्षेत्र मतदान के मामले में सबसे आगे रहा। यहां सरपंच पदों के लिए 75.20 प्रतिशत और पंच पदों के लिए 78.43 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद द्रास में सरपंच पदों के लिए 67.89 प्रतिशत और पंच पदों के लिए 70.12 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। कारगिल में सरपंच पदों पर 65.34 प्रतिशत और पंच पदों पर 68.22 प्रतिशत मतदान हुआ।
जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, लेह में सरपंच पदों के लिए 48.10 प्रतिशत और पंच पदों के लिए 44.68 प्रतिशत मतदान हुआ। नुब्रा में पंच पदों के लिए 77.20 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई जबकि सरपंच पदों पर 61.38 प्रतिशत मतदान हुआ। जांस्कर में सरपंच पदों के लिए 48.89 प्रतिशत और पंच पदों के लिए 50.72 प्रतिशत वोट पड़े। शम क्षेत्र में दोनों पदों के लिए 54.81 और 60.68 प्रतिशत मतदान हुआ। चांगथांग में सरपंच पदों पर 49.20 प्रतिशत और पंच पदों पर 45.74 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
दूरदराज और सीमावर्ती इलाकों में भी मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लिया। भारत के सबसे उत्तरी गांवों में शामिल तुरतुक में लोगों ने पंचायत चुनावों में सक्रिय भागीदारी निभाई। तुरतुक फरूल के मतदाता नियाज महा ने मतदान को लोकतांत्रिक अधिकार बताते हुए स्थानीय प्रतिनिधियों के चयन में योगदान देने की अपील की। वहीं, चांगथांग क्षेत्र के सीमावर्ती गांव फोब्रांग में भी लोग लंबी दूरी और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद वोट डालने पहुंचे।
मतदाताओं ने कहा कि स्थानीय चुनावों के जरिए ऐसे प्रतिनिधियों को चुनने का अवसर मिलता है, जो क्षेत्र की समस्याओं को समझते हैं और सड़क, पानी, बिजली, विकास तथा जनकल्याण जैसे मुद्दों पर काम कर सकते हैं। लद्दाख के सांसद मोहम्मद हनीफा जान ने भी कारगिल नगर परिषद चुनाव में बारू के बियामाथांग मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
लद्दाख में नगर निकाय और पंचायत चुनाव
- फोटो : संवाद
192 पंचायत हलकों में से 55 सरपंच निर्विरोध चुने गए, जबकि 137 पदों पर मतदान हुआ। पंच पदों के लिए कुल 1,428 उम्मीदवारों में से 1,186 निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि शेष 242 पदों के लिए वोटिंग हुई।
लेह के उपायुक्त रोमिल सिंह डोंक ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान कर्मियों से बातचीत की, सुविधाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया पारदर्शी, सुगम तथा शांतिपूर्ण बनाए रखने के निर्देश दिए।
लद्दाख में अगले चरण के चुनावों के तहत 4 दिसंबर को लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (एलएएचडीसी) के चुनाव होंगे। कारगिल के लोत्सुम सीट से कांग्रेस उम्मीदवार सैयद बानू और चांगथांग के समद-खरनाक सीट से भाजपा उम्मीदवार दोरजे अंगचुक निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
पहली बार एलएएचडीसी की 100 सीटों में से 36 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। इन चुनावों में कुल 266 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें कांग्रेस, भाजपा, नेशनल कॉन्फ्रेंस और निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं। चुनावों के मद्देनजर लद्दाख प्रशासन ने 21 नवंबर और 4 दिसंबर को पूरे केंद्र शासित प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।