जम्मू कश्मीर में विधान परिषद की दो सीटों के लिए सोमवार को मतदान जारी है। ओपन बैलट सिस्टम से होने वाले मतदान में प्रत्येक विधायक एक वोट डाल पाएगा। सुबह नौ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके बाद मतगणना होगी। देर शाम तक नतीजे घोषित हो जाएंगे। दो सीटों पर तीन उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
इनमें पीडीपी के अब्दुल क्यूम डार, भाजपा के विक्रम रंधावा और कांग्रेस-नेकां के संयुक्त उम्मीदवार ठाकुर बलवीर सिंह शामिल हैं। पीडीपी-भाजपा गठबंधन के विधायक विधायकों की संख्या 58 है। ऐसे में दोनों पार्टियों के मध्य हुए समझौते के तहत पीडीपी के उम्मीदवार अब्दुल क्यूम की सीट सुरक्षित लगभग सुरक्षित है।
30 वोट हासिल कर अब्दुल क्यूम डार का मुकाबला जीतना लगभग तय है। ऐसे में भाजपा के विक्रम रंधावा को जीत के लिए 30 वोट की जरूरत पड़ेगी लेकिन पीडीपी-भाजपा के पास 28 वोट ही शेष रहेंगे। वहीं जबकि कांग्रेस व नेकां के भी 27 वोट हैं। ऐसे में निर्दलीय विधायक पवन गुप्ता, इंजीनियर रशीद और सीर्पीआई के विधायक तारिगामी और विधायक हाकिम यासीन का वोट निर्णायक साबित हो सकता है। हालांकि इन निर्दलीय विधायकों में पवन गुप्ता को छोड़ अन्य की विचारधारा भाजपा से एकदम विपरीत है। वहीं पवन गुप्ता के भी भाजपा से संबंध फिलहाल कटु ही चल रहे हैं।