पीडीपी प्रमुख ने की जेके बैंक के मुख्य प्रबंधक को बर्खास्त करने की अलोचना
कहा, गंडागर्दी से डरा कर कश्मीरियों से करवाया जा रहा समर्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कश्मीरी कर्मचारियों को आतंकवादी समर्थक करार देकर चुनिंदा तरीके से बर्खास्त करने के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन की आलोचना की है। महबूबा की यह प्रतिक्रिया जम्मू-कश्मीर बैंक द्वारा कथित तौर पर राज्य की सुरक्षा के लिए खतरा होने के आरोप में मुख्य प्रबंधक सज्जाद अहमद बजाज को बर्खास्त करने के एक दिन बाद आई है।
एक्स पर एक पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा है कि कश्मीरी कर्मचारियों को गलत तरीके से आतंकवादी समर्थक और आईएसआई समर्थक बताकर बर्खास्त करना सामान्य हो गया है। जब सरकार जज और जूरी की भूमिका निभा रही होती है, तो आरोपी को अपनी बेगुनाही साबित करने का मौका नहीं दिया जाता है। यह गुंडागर्दी कश्मीरियों को डराकर समर्पण करने के लिए है। गौरतलब रहे कि शनिवार को आईएसआई से संपर्क रखने वाले जम्मू-कश्मीर बैंक के अधिकारी सज्जाद अहमद बजाज को बर्खास्त कर दिया गया था। वह जम्मू-कश्मीर सरकार के स्वामित्व वाले जेएंडके बैंक के मुख्य प्रबंधक (आंतरिक संचार प्रमुख) के रूप में कार्यरत था।