-मुख्यमंत्री उमर ने बजट से पहले कई योजनाओं पर किया विचार विमर्श
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बजट से पहले विचार-विमर्श के दौरान कई अहम योजनाओं पर जोर दिया। इनमें कॉलेजों की स्थापना, कौशल विकास विश्वविद्यालय की स्थापना, श्रीनगर और अन्य शहरों में पार्किंग स्थलों का निर्माण, पर्यटक स्थलों का सुधार, पर्यटन स्थलों पर ठोस कचरा प्रबंधन, स्टेडियम और खेल मैदानों की देखभाल, खेल अकादमियों की स्थापना और पर्यटन प्रचार एवं बजट में वृद्धि की बात शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विचार-विमर्शों का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों से इनपुट प्राप्त करना है, ताकि प्रभावी नीतियों को आकार दिया जा सके और संसाधनों का कुशलतापूर्वक आवंटन किया जा सके।
उन्होंने इन बैठकों की अहमियत पर बल दिया, जो आर्थिक चुनौतियों का समाधान करने और विकास को बढ़ावा देने के लिए आयोजित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनता के हितों के केंद्रित बजट को सुनिश्चित करने के लिए बजट से पहले विचार-विमर्श किया गया है। अब तक उन्होंने कश्मीर और जम्मू क्षेत्र के दस जिलों के जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की है, जिनमें अनंतनाग, बारामुला, बडगाम, पुलवामा, कुलगाम, उधमपुर, रामबन, कठुआ, रियासी और सांबा जिले शामिल हैं। इस बैठक में जम्मू के विभिन्न क्षेत्रों से उद्योग एवं व्यापार, पर्यटन, होटल एवं हॉस्पिटेलिटी, शिक्षा, सामाजिक कल्याण, जनजातीय मामले, युवा मामलों और कृषि जैसे कई क्षेत्रों के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श किया गया।