श्रीनगर। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सलाहकार नासिर असलम वानी ने बुधवार को कहा कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को श्रीनगर में एक महत्वपूर्ण सुरक्षा समीक्षा बैठक के लिए सीएम को आमंत्रित करना चाहिए था। वानी ने एक प्रेसवार्ता में कहा कि क्षेत्र में कानून और व्यवस्था की स्थिति संभालने में उमर अब्दुल्ला का व्यापक अनुभव चर्चाओं के लिए अमूल्य होता। हम पहले ही स्वीकार कर चुके हैं कि उपराज्यपाल कानून व व्यवस्था की देखरेख के लिए जिम्मेदार हैं। कश्मीर में पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) में एलजी मनोज सिन्हा की अध्यक्षता में सुरक्षा समीक्षा बैठक में पुलिस, सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में वर्तमान सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की गई तथा क्षेत्र में आगामी चुनौतियों के लिए रणनीति बनाई गई। ब्यूरो