-आज चुग जम्मू संसदीय सीट के लिए चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे
भाजपा के पूर्व विधायकों के साथ रणनीति पर चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कठुआ के बाद जम्मू संसदीय सीट के प्रचार के लिए स्टार प्रचारक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जम्मू आ सकते हैं। केंद्रीय नेतृत्व से योगी को जम्मू में उतारने की सिफारिश की गई है। वहीं, जम्मू कश्मीर मामलों के प्रभारी तरुण चुग का शनिवार को जम्मू में बूथ स्तर की बैठकें कर जम्मू सीट के लिए तैयारियों की समीक्षा करना प्रस्तावित है। इस बीच महासचिव (संगठन) अशोक कौल ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय जम्मू में पूर्व विधायकों के साथ बैठक कर जम्मू संसदीय क्षेत्र के लिए चुनावी तैयारियों की जानकारी ली।
कौल ने पार्टी नेताओं और विशेष रूप से जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं के समर्पित काम की सराहना की। लोगों ने मोदी सरकार के पिछले दस साल के कार्यकाल को देखा है, जिसमें अभूतपूर्व विकास, बहुआयामी बुनियादी ढांचे का निर्माण, भारी निवेश और चिकित्सा, शैक्षिक, पानी, बिजली, घरों और अन्य सुविधाओं में सुधार शामिल है। आम जनता विशेषकर जरूरतमंद और उपेक्षित आबादी के साथ कांग्रेस, नेकां और पीडीपी के नेतृत्व वाली पिछली सरकारों ने सौतेला व्यवहार किया। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं से जिलों और मंडलों से लेकर बूथ स्तर तक के स्थानीय नेताओं को शामिल करके स्वयं सभी मतदाता सूचियों का अध्ययन करने को कहा। 2019 के संसदीय चुनावों से अधिक अंतर से चुनाव जीतने के लिए बूथ पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। इस दौरान कवींद्र गुप्ता, डाॅ. देवेंद्र मनियाल, सत शर्मा, शाम लाल शर्मा, सुरजीत सिंह सलाथिया आदि मौजूद रहे।