जम्मू। नेकां के संभागीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने केंद्रीय बजट को संतुलित बताया, लेकिन इसमें जम्मू-कश्मीर के विकास व समृद्धि पर अधिक ध्यान देने की बात कही। उन्होंने आयकर टैक्स में मध्य वर्ग को राहत देने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री की सराहना की। उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर की जरूरतों और मौजूदा चुनौतियों को प्राथमिकता देगी। गुप्ता ने कहा कि बिहार की तरह जम्मू-कश्मीर एक पिछड़ा और सीमावर्ती राज्य है, इसलिए इसे भी केंद्रीय बजट में अधिक आवंटन मिलना चाहिए था। यहां बेरोजगारी चरम पर है। पर्यटन के अलावा आर्थिक विकास के लिए कोई व्यवहार्य विकल्प नहीं है। ऐसे में सिर्फ पर्यटन जम्मू-कश्मीर की पूरी आबादी का भरण-पोषण नहीं कर सकता। जम्मू-कश्मीर में औद्योगीकरण के संबंध में संसद में आश्वासन के बावजूद कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। संवाद