जम्मू। जम्मू कश्मीर के संगठन पर्व के पर्यवेक्षक मथुरा विधायक श्रीकांत शर्मा ने वीरवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक संगठन पर्व की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने जोर दिया कि इस पर्व को उत्सव की तरह आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक लोगों को भाजपा के साथ जोड़ने पर काम किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में एक बड़े दल के रूप में उभर कर सामने आई है और आगामी चुनावों में भी बेहतर प्रदर्शन किया जाएगा।
पार्टी मुख्यालय जम्मू में हुई संगठन की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा ने पर्यवेक्षक को संगठन पर्व की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के संविधान के तहत सभी प्रक्रियाओं को पूरा किया जा रहा है। इस बीच एक अन्य बैठक में प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने पार्टी के प्रवक्ताओं के साथ जम्मू कश्मीर के सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा को एक मजबूत विपक्ष के रूप में भूमिका निभानी है। उमर सरकार अब तक के कार्यकाल में चुनावी वादों को पूरा नहीं कर पाई है और ऐसे मुद्दों को पार्टी कैडर को लोगों के सामने लाना होगा।