समिति में प्रदेश अध्यक्ष, तीन सांसद, दो पूर्व उप मुख्यमंत्री, चार महामंत्री समिति में शामिल
पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह राणा, पूर्व एमएलसी और महिला मोर्चा अध्यक्ष संजीता डोगरा को भी स्थान
चुनाव प्रभारी जी किशन रेड्डी, प्रदेश प्रभारी तरुण चुग, सह प्रभारी आशीष सूद व राष्ट्रीय सचिव डॉ. नरेंद्र सिंह विशेष आमंत्रित सदस्य
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है। भाजपा ने शुक्रवार को चुनाव समिति का गठन किया है। समिति की पहली दो दिवसीय बैठक 18 व 19 अगस्त को जम्मू में होगी। इसमें सभी सीटों के लिए योग्य प्रत्याशियों के नाम पर विचार कर पैनल तैयार किया जाएगा, जिस पर दिल्ली में संसदीय समिति की बैठक में अंतिम मुहर लगाई जाएगी। बैठक में चुनाव समिति के सभी सदस्य शामिल होंगे।
समिति में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना, लोकसभा सांसद डॉ. जितेंद्र सिंह व जुगल किशोर शर्मा, राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता, महासचिव सुनील शर्मा, विबोध गुप्ता, डॉ. देवेंद्र कुमार मन्याल, संगठन महासचिव अशोक कौल, डॉ. दरक्शां अंद्राबी को रखा गया है। इसके साथ ही पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह राणा, पूर्व एमएलसी अजय भारती और महिला मोर्चा अध्यक्ष संजीता डोगरा शामिल हैं। इसके अलावा चुनाव प्रभारी जी. किशन रेड्डी, जम्मू कश्मीर मामलों के प्रभारी तरुण चुग, सह प्रभारी आशीष सूद और राष्ट्रीय सचिव डॉ. नरेंद्र सिंह विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। ज्ञात हो कि भाजपा 50 प्लस लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ने जा रही है ताकि केंद्र शासित प्रदेश में पहली सरकार बनाई जा सके।
विधानसभा चुनाव लोकतंत्र की जड़ों को और मजबूत करेगा : रवींद्र
जम्मू। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र की जड़ों को और मजबूत करेंगे। हम चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
मुझे पूरा विश्वास है कि जम्मू-कश्मीर के लोग विधानसभा चुनाव में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे। पिछले दस वर्षों में मोदी सरकार के अथक प्रयासों और पहलों से जम्मू-कश्मीर में शांति, समृद्धि को बढ़ावा मिला है। जम्मू कश्मीर में एक नए युग की शुरुआत हुई है। हमें विश्वास है कि लोग सक्रिय रूप से चुनाव में भारी मतदान करके ऐसी सरकार बनाएंगे जो शांति और विकास को कायम रखेगी और जम्मू-कश्मीर में युवा पीढ़ी के लिए उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करेगी।