पार्टी अगले 30-40 दिनों में एक व्यापक घोषणा पत्र पेश करेगी : रुहुल्ला
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) ने जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के घोषणापत्र को आकार देने के लिए प्रदेश की जनता से सुझाव मांगे हैं। शुक्रवार को श्रीनगर में नेकां ने वरिष्ठ नेता अब्दुल रहीम राथर के नेतृत्व में पार्टी की घोषणापत्र समिति की एक बैठक बुलाई।
पार्टी नेताओं ने कहा कि घोषणा पत्र समिति ने युवाओं और महिलाओं सहित आम जनता से बहुमूल्य सुझाव मांगे हैं। लोग अगले सप्ताह तक manifestojknc.co.in पर अपने विचार साझा कर सकते हैं। हर सुझाव की गहन समीक्षा की जाएगी। श्रीनगर के सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी, जो घोषणा पत्र समिति के सदस्य हैं, ने कहा कि बैठक में चुनाव के मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा, हमारे लिए सबसे बड़ा मुद्दा राज्य की सांविधानिक स्थिति, उन अधिकारों की बहाली है, जो हमसे छीन लिए गए हैं। रुहुल्ला ने कहा कि नेकां ने पार्टी के भीतर और लोगों के साथ विचार-विमर्श शुरू कर दिया है। अनुच्छेद 370 की बहाली के अलावा, भूमि अधिकार, नौकरी के अधिकार, बेरोजगारी, बिजली से संबंधित मुद्दे, बिजली दरों में वृद्धि, बिजली परियोजनाएं, आरक्षण का मुद्दा, पर्यटन, शिक्षा क्षेत्र, शहरों और कस्बों का विकास अन्य मुद्दे हैं। पार्टी समाज में विभिन्न प्रकार की राय के साथ बातचीत करने के लिए जनता के साथ चैनल खोलेगी, उनके विचार लेगी और फिर अगले 30-40 दिनों में एक व्यापक घोषणा पत्र पेश करेगी। कैदियों की रिहाई भी पार्टी के घोषणापत्र का हिस्सा होगी। बीते सोमवार को गठित की गई पार्टी की घोषणापत्र समिति को 45 दिनों के भीतर घोषणापत्र का मसौदा पेश करने का काम सौंपा गया है।