संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि भाजपा अपना अस्तित्व खो चुकी है, इसलिए सांप्रदायिक कार्ड खेल रही है। अनंतनाग में एक जनसभा के दौरान उमर ने कहा, उन्हें समझ में नहीं आता कि महज 14 फीसदी मुस्लिम आबादी देश की बड़ी हिंदू आबादी के लिए कैसे खतरा बन सकती है। मुसलमानों ने सिर्फ अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ी है और कुछ नहीं। नेकां उपाध्यक्ष ने उम्मीद जताई कि इंडिया गठबंधन चुनावों में जीत हासिल करेगा और अच्छा प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि साजिश के तहत चुनावों को पुनर्निर्धारित किया गया है। जनसभा में उपस्थित एआईसीसी महासचिव जीए मीर ने कहा कि कांग्रेस के पास एक मजबूत घोषणापत्र है और भाजपा इससे परेशान है। राहुल गांधी के समर्थन से पूरे देश में इंडिया गठबंधन के पक्ष में लहर बनी है। दोनों नेता अनंतनाग के डूरू इलाके में इंडिया गठंबधन की एक संयुक्त रैली को संबोधित कर रहे थे।
भाजपा व उसके सहयोगियों को
फायदा पहुंचाने की कोशिश
श्रीनगर। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अनंतनाग-राजोरी सीट पर चुनाव टालने से भाजपा और उसके सहयोगियों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। दक्षिण कश्मीर में पहली बार इंडिया गठबंधन के दो घटक नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस की साझा जनसभा में शामिल होने से पूर्व श्रीनगर में नेकां उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा, जाहिर है कि भाजपा और उसके सहयोगियों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, वरना चुनाव टालने का कोई कारण नहीं है। मैंने यह भी कहा था कि मुगल रोड वहां तक पहुंचने का सिर्फ एक रास्ता नहीं है। यह पहली बार नहीं है कि चुनाव आयोग भाजपा की मदद कर रहा है, लेकिन वे कुछ भी करें, जितनी चाहे साजिश कर सकते हैं, इस चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगियों को हार का सामना करना पड़ेगा। ब्यूरो