जम्मू पहुंचे भाजपा प्रत्याशी का फूलों से स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संरक्षण और समर्थन से उधमपुर-कठुआ-डोडा पिछले 10 वर्षों में देश के सबसे विकसित निर्वाचन क्षेत्रों में से एक बने है। हालांकि हमारे पहले पांच साल का कार्यकाल पिछले वर्षों की लापरवाही और नुकसान की भरपाई करने में व्यतीत हुआ, जिसके दौरान इस निर्वाचन क्षेत्र को वोट बैंक के लिए भेदभाव और विकास की कमी का सामना करना पड़ा।
भाजपा की ओर से उधमपुुर सीट पर पार्टी प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद शुक्रवार को जम्मू पहुंचे डा. सिंह का उनके समर्थकों ने हवाई अड्डे जम्मू से उनके संसदीय क्षेत्र तक फूलों से स्वागत किया। इस बीच अपने संसदीय क्षेत्र में एक स्वागत समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डा. सिंह ने दावा किया कि 400 से अधिक के आंकड़े के साथ भाजपा तीसरी बार बेहतर प्रदर्शन करने में कामयाब होगी। हमने दूसरे पांच साल के कार्यकाल में उन परियोजनाओं को शुरू करने का प्रयास किया गया, जिन्हें निर्वाचन क्षेत्र में पेश करने की व्यवहार्यता थी। इनमें उधमपुर में देविका परियोजना, कठुआ में पहला औद्योगिक बायोटेक पार्क, उधमपुर और कठुआ और डोडा में तीन केंद्रीय वित्त पोषित मेडिकल कॉलेज, कठुआ और उधमपुर में दो पासपोर्ट कार्यालय, खिलानी-सुद्धमहादेव राष्ट्रीय राजमार्ग 244 और सबसे महत्वपूर्ण अरोमा मिशन सह पर्पल शामिल हैं। भद्रवाह में क्रांति को देशव्यापी प्रशंसा मिली है। पहले दो कार्यकालों की तरह हमारा तीसरा कार्यकाल युवाओं की प्राथमिकताओं और निर्वाचन क्षेत्र के प्रमुख कस्बों, स्थलों को शिक्षा, पर्यटन और व्यापार के मामले में राष्ट्रीय आकर्षण के रूप में विकसित करने के लिए समर्पित होगा। इस दौरान पार्टी के महासचिव (संगठन) अशोक कौल, जिला अध्यक्ष उधमपुर अरुण गुप्ता, जिला अध्यक्ष कठुआ गोपाल महाजन, जिला अध्यक्ष बसोहली-बिलावर दर्शन सिंह आदि मौजूद रहे।