अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। नेकां नेता व पूर्व एमएलसी मोहम्मद रफीक शाह समर्थकों के साथ शनिवार को भाजपा में शामिल हो गए। इसके साथ मोहम्मद अयूब पहलवान (कोटरंका, बुद्धल) ने भी समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा। भाजपा में विभिन्न राजनीतिक दलों के पूर्व व मौजूदा नेताओं का आने का सिलसिला जारी है। आगामी दिनों में लोकसभा चुनाव के दौरान कई बड़े चेहरे भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
पार्टी मुख्यालय, त्रिकुटा नगर, जम्मू में हुए एक कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना और सांसद जुगल किशोर शर्मा ने डीडीसी इकबाल मलिक, भाजपा में शामिल होने वाली समिति की सदस्य नेहा महाजन और पहाड़ी सेल के सह-संयोजक डॉ. मीर खुर्शीद के साथ पार्टी में शामिल हुए नए लोगों का स्वागत किया। रैना ने कहा कि भाजपा में लोकतांत्रिक लोकाचार और देशभक्ति की भावना गहरी है। भाजपा कैडर हमेशा जमीन पर रहा है और जरूरतमंद लोगों की मदद करने में सबसे आगे है। हर व्यक्ति को सशक्त बनाने के मिशन को हासिल करने के लिए मोदी सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि हर विकास योजना हर वर्ग तक लाभ पहुंचे। दशकों से परेशान और दुर्व्यवहार का शिकार वर्गों के साथ न्याय किया गया है। उनके कल्याण के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं। सांसद शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार ने उपेक्षितों और पीड़ितों की सेवा की है। इस दौरान सैयद मंजूर शाह, शीराज ज़मान लोन (सामाजिक कार्यकर्ता) आदि मौजूद रहे। हाल ही में नेकां और अन्य कई दलों के बड़े नेता भाजपा में शामिल हुए थे।