अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। ईरान-इस्राइल संघर्ष पर नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को शांति की जरूरत पर जोर दिया। उम्मीद जताई कि दुनिया की बड़ी शक्तियां यह सुनिश्चित करेंगी कि तीसरा विश्व युद्ध न हो।
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में प्रेसवार्ता में फारूक ने कहा, मुझे उम्मीद है कि दुनिया की बड़ी शक्तियां यह सुनिश्चित करेंगी कि तीसरा विश्व युद्ध न हो...दोनों तरफ लोग मर रहे हैं। मानवता मर चुकी है। रूस-यूक्रेन युद्ध भी चल रहा है। अल्लाह मानवता को वापस लाए। ईरान की ओर से इस्राइल में लक्ष्यों की ओर लगभग 200 बैलिस्टिक मिसाइलों को लांच करने के बाद पश्चिम एशिया में उथल-पुथल बढ़ गई। इसके बाद अमेरिका की सेना ने इस हमले के खिलाफ इस्राइल की रक्षा करने में मदद करने के लिए इस्राइली रक्षाबलों (आईडीएफ) के साथ मिलकर काम किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव जीतने का भी भरोसा जताया। कहा कि कांग्रेस-नेकां गठबंधन जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाएगा।