श्रीनगर नगर निगम कार्यालय में भिड़े नेकां और अपनी पार्टी के कार्यकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। छानपोरा और हब्बाकदल विधानसभा क्षेत्रों के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस, अपनी पार्टी और पीडीपी के उम्मीदवारों ने बुधवार को नामांकन पत्र दाखिल किए। बुधवार को श्रीनगर की सड़कों पर जश्न का माहौल रहा। करीब एक दशक बाद सड़कों पर लोकतंत्र का जश्न देखने को मिला।
श्रीनगर नगर निगम में अपनी पार्टी के अध्यक्ष सैयद अल्ताफ बुखारी और नेकां के उम्मीदवार मुश्ताक गुरु छानपोरा सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए, लेकिन परिसर में मौजूद सुरक्षाबलों ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। छानपोरा निर्वाचन क्षेत्र के लिए पीडीपी उम्मीदवार मोहम्मद इकबाल ट्रंबो ने भी पर्चा भरा। हब्बाकदल सीट से नेकां उम्मीदवार शमीमा फिरदौस और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक ने जडीबल सीट से पर्चा भरा। इसके अलावा ईदगाह से पीडीपी के उम्मीदवार खुर्शीद आलम, नेकां के लाल चौक से उम्मीदवार एहसान परदेसी, नेकां के खानयार से अली मोहम्मद सागर, हजरतबल से नेकां उम्मीदवार सलमान सागर, हजरतबल से पीडीपी की आसिया नकाश, लाल चौक से अपनी पार्टी के मोहम्मद अशरफ मीर ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।