- सरकारी आदेश पर जताई नाराजगी, पदोन्नति व वेतन कटौती पर उठाए सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर गवर्नमेंट फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने रविवार को जम्मू में बैठक की। इसमें फार्मासिस्ट कैडर की लंबित मांगों पर चर्चा की गई। एसोसिएशन ने 24 और 25 मार्च को प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल को समर्थन देने का एलान किया। सभी कर्मचारियों से इसमें शामिल होने की अपील की।
बैठक में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य सुशील सूदन भी मौजूद रहे। अध्यक्ष भरत भूषण भगत ने सरकार से फार्मासिस्टों की लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित फाइलें सिविल सचिवालय में लंबित पड़ी हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से ड्यूटी निभा रहे फार्मासिस्टों का ढाई दिन का वेतन न काटने और वित्त विभाग के हालिया आदेश को वापस लेने की मांग की गई। सुशील सूदन ने फार्मासिस्टों की पदोन्नति से जुड़े प्रस्ताव को जल्द लागू करने की बात कही। एसोसिएशन ने बीओपीईई की हालिया अधिसूचना पर आपत्ति जताते हुए इसे सरकारी आदेशों का उल्लंघन बताया और इसे युवाओं के साथ अन्याय करार दिया। बैठक में कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।