जम्मू। विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने कहा कि किसी प्रश्न के नोटिस का प्रचार-प्रसार तब तक नहीं किया जाना चाहिए, जब तक सदन में उसे स्वीकार करने व जवाब न दे दिया जाए। यह सदन के नियमों व परंपराओं के खिलाफ है। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की ओर से की गई टिप्पणियों पर स्पीकर ने कहा, मुझे यह कहते हुए खेद है कि उन्हें उचित सलाह नहीं दी गई थी और उनका बयान नियमों के खिलाफ है।
राथर ने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि कुछ सदस्यों ने नियमों के खिलाफ प्रश्नों का प्रचार प्रसार किया है। मैंने अपनी नाराजगी व्यक्त की है। अगर भविष्य में भी सदस्य ऐसा करते हैं तो उनके खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा में प्रक्रिया और कार्य संचालन के नियमों के नियम 368 में यह प्रावधान है कि कोई भी सदस्य या अन्य व्यक्ति सदन की प्रक्रिया के बिना किसी नोटिस का प्रचार-प्रसार नहीं कर सकता है। ब्यूरो