जम्मू। पीडीपी की अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती गुपकार गठबंधन से किनारा कर सकती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 24 जून को सर्वदलीय बैठक के दौरान व उसके पहले व बाद में नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला व उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला के रवैये से महबूबा खासी नाराज हैं। इस बाबत अपने खास नेताओं से महबूबा मुफ्ती चर्चा भी कर चुकी हैं। महबूबा गुपकार गठबंधन की वर्तमान में उपाध्यक्ष भी हैं।
पीडीपी सूत्रों के अनुसार महबूबा मुफ्ती ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बैठक कर बताया है कि नेकां अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला व उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने सर्वदलीय बैठक से पहले व बाद में अलग रवैया अपनाए रखा, जबकि गुपकार गठबंधन के दलों में एकजुटता होनी चाहिए थी।
नाम न छापने की तर्ज पर पार्टी के उच्च पदस्थ नेता ने बताया कि महबूबा मुफ्ती की नाराजगी की वजह से गुपकार गठबंधन की बैठक आयोजित नहीं हो पा रही है। हालांकि अंदर खाते नेकां व गुपकार गठबंधन के अन्य दलों की तरफ से मान मनोव्वल की कोशिशें की जा रही हैं। ऐसे में गुपकार गठबंधन में शामिल दलों में उभरे गंभीर मतभेदों से इस गठबंधन के भविष्य पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है। गठबंधन में नेकां और पीडीपी बड़ी पार्टियां हैं। अगर इनमें से एक भी पार्टी गठबंधन से अलग होती है तो बिखराव तय है।