आरएस पुरा। गांव चकरोई में भाजपा व निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों के बीच मंगलवार को झड़प हो गई। इसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने सड़क बंद कर प्रदर्शन किया। मामला निर्वाचन अधिकारी के पास पहुंचा। पुलिस ने शिकायत मिलने पर भाजपा के चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक तलविंदर सिंह ने पुलिस में दी शिकायत में भाजपा के प्रत्याशी व उनके समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया। तलविंदर ने कहा कि वह डॉक्टर के पास चिकित्सा जांच के लिए जा रहे थे। बीच रास्ते पर भाजपा प्रत्याशी व समर्थक आ धमके और प्रचार करने का आरोप लगाकर उन पर हमला बोल दिया। तलविंदर सिंह ने शिकायत में कहा है कि तेजधार हथियार से वार किया गया जिससे बचने की कोशिश में उनके एक हाथ पर गहरी चोट आई है। बाद में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने गांव चकरोई में सड़क बंद कर भाजपा प्रत्याशी व उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर मार्ग खुलवाया। आरएस पुरा पुलिस का कहना है कि निर्वाचन अधिकारी द्वारा जानकारी देने पर पर मौके पर पहुंचे और इस संबंध में चार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। सुचेतगढ़ मुख्य चुनाव अधिकारी कुलराज ने बताया कि शिकायत के आधार पर इसकी जानकारी पुलिस को मुहैया कराई गई है। पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
पूर्व मंत्री बोले- मनमानी
कर रहे भाजपा समर्थक
कांग्रेस के प्रत्याशी तरलोक सिंह बाजवा और पूर्व मंत्री आरएस चिब ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के नेता और समर्थक मनमानी करने में लगे हैं। चुनाव आयोग के संबंधित अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे।