ज्यौड़ियां। खौड़ ब्लॉक की पंचायत मट्टू की वार्ड-1 की गली की जर्जर हालत पर गली की महिलाओं ने कहा कि डीडीसी चुनाव में मतदान उसी प्रत्याशी को किया जाएगा, जो हमारी गली की जल्द मरम्मत कराने का ठोस आश्वासन देगा।
महिला दर्शन देवी, सुमन चौधरी तथा सुदेश कुमारी ने बताया कि उनकी गली की हालत काफी जर्जर है। गली की मरम्मत करने की जरूरत है, लेकिन कोई भी सुध नही ले रहा है। उन्होंने बताया कि सभी लोग वोट मांगने तो आ रहे हैं, लेकिन गली की तरफ किसी का भी कोई ध्यान नहीं जा रहा है। महिलाओं ने बताया कि गली में थोड़ी सी बारिश होने पर पानी भर जाता है। महिलाओं ने बताया कि पहले विधानसभा के चुनाव में हमसे वादे किए गए, फिर संसदीय चुनाव में वादे किए गए और फिर पंचायत चुनाव में वादे किए गए, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया और अब डीडीसी का चुनावी प्रचार लेकर हम आ रहे हैं। अब हम लोग उसी को वोट देंगे जो हमारी गली की मरम्मत करेगा। संवाद