जम्मू। अपने जनसंपर्क अभियान में तेजी लाने के लिए आम आदमी पार्टी आगामी दिनों में जम्मू-कश्मीर में 100 रैलियां करेगी। इन रैलियों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ पंजाब और दिल्ली के मंत्री भी भाग लेंगे। कश्मीर में राज्य मीडिया समन्वय समिति के प्रभारी डॉ. नवाब नासिर ने प्रेस वार्ता में कहा कि राज्य, प्रांतीय और जिला स्तर पर समितियों और इकाइयों का गठन किया गया था।
कुछ दिनों में सर्कल और ग्राम स्तर की इकाइयों का भी गठन किया जाएगा। इससे पार्टी का जम्मू-कश्मीर में एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा बनेगा। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पार्टी लोगों की पहली पसंद बन चुकी है। वहीं, आप के संगठन भवन जम्मू-कश्मीर के सह प्रभारी ओपी खजूरिया ने भी जम्मू में एक प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि पंजाब में आप सरकार ने दिखा दिया है कि कैसे बेरोजगारी की समस्या से निपटा जा सकता है।