जम्मू। भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राणा ने कहा है कि जम्मू समावेशी जम्मू-कश्मीर का उदाहरण जम्मू पेश कर रहा है। जम्मू में तुष्टिकरण के लिए कोई स्थान नहीं है और सभी की प्रगति का उदाहरण पेश किया जा रहा है।
मुस्लिम बहुल बठिंडी में शनिवार को जन बैठक को संबोधित करते हुए राणा ने कहा शासन किसी का जन्म सिद्ध अधिकार नहीं है और न ही वे इसके लिए विशेष रूप से बने हैं। उन्होंने कहा जम्मू के लोग राजनीतिक आधार पर बंटने वाले नहीं हैं। दशकों तक कुछ दलों ने लोगों को क्षेत्रवाद व धर्म के नाम पर बांटकर सियासी रोटियां सेंकने का काम किया है। अब ऐसे दलों के दिन लद गए हैं। उन्होंने कहा कश्मीर के लोग भी शांति चाहते हैं। वह सियासी और आर्थिक तौर पर तरक्की चाहते हैं। जम्मू का मतलब लखनपुर से पुंछ और बनिहाल से किश्तवाड़ और पाडर तक है। यह सुंदर इलाका ही नहीं, बल्कि यहां पर हिंदू, मुस्लिम, सिख और इसाई भाईचारे के साथ रहते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह क्षेत्रीय एकता और सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के नारे पर काम कर रही है, लेकिन कुछ नेता निहित स्वार्थों की खातिर भाजपा के नाम पर एक वर्ग विशेष को डरा रहे हैं। भाजपा ने कभी भेदभाव नहीं किया। इस अवसर पर अब्दुल खालिद, नूर आलम, पूर्व सरपंच चौधरी रफीक, मोहम्मद याकूब, हसन परवाज, नंबरदार गुलाम रसूल, नूर हुसैन, चौधरी लाल हुसैन, चौधरी हारुन, चौदरी अर्शद, एस सुच्चा सिंह आदि मौजूद रहे।