जम्मू। नेशनल कांफ्रेंस के संभागीय प्रधान देवेंद्र सिंह राणा ने भाजपा पर बुनियादी मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार को विकास और रोजगार सृजन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। भाजपा लोगों के वास्तविक समस्याओं पर गंभीर होने के बजाय गैर जरूरी मुद्दों को लेकर ढिंढोरा पीट रही है। इनसे बचकर रहने की जरूरत है।
नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के किशनपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि पिछले छह साल में भाजपा के शासनकाल में जम्मू-कश्मीर में बेरोजगारी बढ़ी है। अर्थव्यवस्था को लकवा मार गया है। सभी मोर्चों पर फेल हो जाने के बाद भी भाजपा इसे स्वीकार करने के बजाय जरूरी मुद्दों से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है। यदि वे जनता की नब्ज को पहचान पाते तो उन्हें पता चलता कि वे कहां खडे़ हैं। जम्मू के निराश लोगों ने डीडीसी चुनाव में भाजपा को बता दिया है कि अब वे और अधिक बेवकूफ बनने वाले नहीं हैं। राणा ने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि वह फास्ट ट्रैक पर रिक्त पदों पर भर्ती शुरू करे, ताकि युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का मौका मिल सके। इसके साथ ही कई डेडलाइन पार कर चुकी मेगा प्रोजेक्ट भी जल्द से जल्द पूरे करने चाहिए। इस अवसर पर चरण दास, चैन सिंह, गोपाल सिंह, दुर्गा दास, शमीम बेगम, रीना थापा, चौधरी रहमत आदि मौजूद थे।