जम्मू। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने डीडीसी चुनाव तथा स्थानीय निकाय व पंचायत उप चुनावों में जनता की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया है। साथ ही प्रत्याशियों को पर्याप्त सुरक्षा देने की हिदायत दी है। पुलिस तथा सुरक्षा एजेंसियों से कहा है कि ऐसा माहौल तैयार हो जिससे लोग बिना हिचक के मतदान केंद्रों तक पहुंचें। वे मंगलवार को चुनाव को लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।
उप राज्यपाल ने निष्पक्ष, पारदर्शी तथा शांतिपूर्ण चुनाव पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को सभी प्रकार की सुविधाएं मिलनी चाहिएं। साथ ही सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम होने चाहिए, ताकि मतदान के दिन मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने पहुंचे। सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल होना चाहिए ताकि धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
बैठक में सभी जिलों के एसएसपी ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सभी स्थानों पर फोर्स की तैनाती भी कर दी गई है ताकि चुनाव को बिना किसी बाधा के शांतिपूर्वक संपन्न कराया जा सके। कश्मीर के आईजी और सभी जिलों के एसएसपी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चुनाव के लिए की गई सुरक्षा तथा अन्य तैयारियों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान सलाहकार आरआर भटनागर, मुख्य सचिव बीवीआर सुब्रह्मण्यम, गृह सचिव शालीन काबरा, डीजीपी दिलबाग सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
देश के प्रमुख पेशेवर फोर्स में से जम्मू-कश्मीर पुलिस
बैठक में उप राज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि तमाम बलिदानों के बाद भी यह देश के प्रमुख पेशेवर फोर्स में से एक है। उन्हें विश्वास है कि देश विरोधी तथा अवांछनीय तत्वों पर पैनी निगाह रखने के साथ ही पुलिस किसी भी आपात स्थिति से निपटने में सक्षम है। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था सुनिश्चित कर सके।