जम्मू। अनुच्छेद 370 हटाने की पहली वर्षगांठ 5 अगस्त को भाजपा पर्व की तरह मनाएगी। पार्टी ने धार्मिक, सामाजिक, औद्योगिक, व्यापारी संगठनों के अलावा प्रदेश के सभी अन्य संगठनों से इस दिन को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की। प्रदेश भाजपा के उप प्रधान असीम गुप्ता ने कहा कि इस दिन सुबह 9 से 11 बजे तक सभी चौक, शहीदी स्मारकों, घरों की छतों सहित अन्य स्थानों पर तिरंगा फहराएं। दीपमाला में चाइनीज लाइटों की बजाय स्वदेशी दिये जलाने को कहा।
पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से रूबरू होते हुए असीम गुप्ता ने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35 (ए) को निरस्त करने का निर्णय लंबे संघर्ष और बलिदानों से भरे इतिहास के परिणामस्वरूप किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक फैसला किया है, इससे पहले 70 साल तक जम्मू-कश्मीर के निवासियों के साथ अन्याय हुआ है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना एक सिद्धांत, एक निशान, एक संविधान 5 अगस्त 2019 को पूरा हुआ जो एक उत्सव की तरह जम्मू-कश्मीर में मनाया जाएगा। उन्होंने पीओजेके, पश्चिम पाकिस्तानी शरणार्थियों, बाल्मीकि, गोरखाओं, गुर्जरों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, जम्मू-कश्मीर की बेटियों और सभी आम जनता से अपील की कि वे सुबह 9 से 11 बजे तक चौक, शहीदी स्मारकों, छतों सहित अन्य स्थानों पर तिरंगा फहराकर इस दिन को मनाएं। साथ ही दीपमाला की जाए लेकिन इसमें चाइनीज लाइटों के बजाय स्वदेशी दियों का उपयोग किया जाए।
5 से 20 अगस्त तक चलेंगे कार्यक्रम
उन्होंने खुलासा किया कि पार्टी इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ सभी संगठनों को भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना की ओर से पत्र सौंपेंगी। इस दौरान मेयर चंद्रमोहन गुप्ता, प्रभारी सामाजिक और धार्मिक संगठन नारायण सिंह मौजूद रहे। वहीं, महासचिव संगठन अशोक कौल ने 5 से 20 अगस्त तक मनाए जा रहे पखवाड़े की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की।