जम्मू कश्मीर में जनवरी के तीसरे सप्ताह में राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रस्तावित भारत जोड़ो यात्रा की प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस कड़ी में मंगलवार को रिहर्सल के तौर पर कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने सतवारी चौक से शहीदी चौक तक पद यात्रा निकाली।
भारत जोड़ो यात्रा लखनपुर से होकर श्रीनगर में संपन्न होनी है। विजय शर्मा की अध्यक्षता में निकाली गई पद यात्रा में सेवा दल के स्वयंसेवक राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाते हुए आगे बढ़े। सतवारी से सड़क के दोनों ओर से शहीदी चौक की ओर प्रस्थान किया गया। कुछ किलोमीटर के दायरे में निकली पद यात्रा विक्रम चौक, ज्यूल चौक, विवेकानंद चौक से होते हुए प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय तक पहुंची।
यहां विजय शर्मा और राजेंद्र रसरानिया ऑल इंडिया कांग्रेस सेवा दल सचिव प्रभारी जम्मू कश्मीर ने कहा कि आज की पद यात्रा का उद्देश्य जम्मू कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा को सफल बनाना है। आजादी के बाद के इस ऐतिहासिक आयोजन में आम लोगों और सामाजिक संगठनों के शामिल होने की उम्मीद है।
आज देशभर में लोग भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। यात्रा में बेरोजगारी, मुद्रास्फीति, नफरत और विभाजनकारी ताकतों का विरोध किया जा रहा है। यह सांस्कृतिक विविधता और लोगों के अविश्वनीय धैर्य का उत्सव है। पद यात्रा में तमन्ना हीर, प्रिंस रसरानिया, दारा सिंह, परवेज वानी, कुलदीप कुमार आदि शामिल हुए।