जम्मू। प्रदेश कांग्रेस समिति में अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष को बनाए जाने के बाद भी गुटबाजी कम होती नजर नहीं आ रही है। शहीदी चौक स्थित पार्टी मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के एक धड़े ने बुधवार को बैठक कर हाईकमान से जम्मू और कश्मीर संभाग में दो-दो कार्यकारी अध्यक्षों को नामित करने की मांग की। इन नेताओं ने तर्क दिया कि दोनों संभागों से दो-दो कार्यकारी अध्यक्ष होने से दोनों जगहों को समान प्रतिनिधित्व मिलेगा। मजेदार बात यह थी कि इस बैठक में ऐसी मांग की अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष को कोई जानकारी नहीं थी। हाई कमान ने हाल ही में विकार रसूल को प्रदेशाध्यक्ष और रमण भल्ला को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है।
पार्टी मुख्यालय में पूर्व उपमुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता तारा चंद की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और गुलाम नबी आजाद द्वारा विकार रसूल को प्रधान बनाने के फैसले का स्वागत किया गया। तारा चंद ने कहा कि दोनों संभागों को समान प्रतिनिधित्व देने के लिए नेतृत्व का दायरा बढ़ाने की जरूरत है। इसके लिए दोनों संभागों से दो-दो कार्यकारी अध्यक्षों को नामित करने पर विचार किया जा सकता है। इससे दोनों क्षेत्रों के लोगों की अपेक्षाएं पूरी हो सकेंगी। तारा चंद, गुलाम नबी आजाद गुट से जुड़े रहे हैं। बैठक में बलवान सिंह, डा. मनोहर लाल, गारू राम चौधरी, कृष्ण चंद आदि मौजूद रहे। वहीं, 30 अगस्त को नवनियुक्त अध्यक्ष विकार रसूल का जम्मू आना प्रस्तावित है। उनके स्वागत की तैयारी की जा रही है। इसके लिए युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल, आईएनटीयूसी, किसान कांग्रेस, एससी और एसी विभाग से स्वागत की तैयारी करने को कहा गया है।
इसके साथ फोटो दी गई है -----
कांग्रेस महासचिव से मिले रसूल और भल्ला
जम्मू। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विकार रसूल और कार्यकारी अध्यक्ष रमण भल्ला ने बुधवार को दिल्ली में एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल से मुलाकात कर संगठनात्मक मामलों और जम्मू कश्मीर के मौजूदा परिदृश्य पर चर्चा की। इसके साथ जम्मू कश्मीर के नागरिकों से जुड़े मुद्दों पर बात की गई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जम्मू कश्मीर में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए उचित प्रयास किए जाएंगे। पार्टी कार्यक्रमों को गंभीरता से जमीनी स्तर पर उतारा जाएगा। भल्ला ने कहा कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश में हर जगह पहुंचने के प्रयास करेंगे।