सांबा जिला पुलिस द्वारा बैठक मे उपस्थित अधिकारी
- फोटो : SAMBA
सांबा। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रहने वाले लोगों का पुलिस सत्यापन करेगी। आतंकी घुसपैठ और ड्रोन ड्रॉपिंग की घटनाओं को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की बैठक में एसएसपी सांबा डॉ. अभिषेक महाजन ने यह निर्देश दिए। उन्होंने सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय में और बेहतरी लाने पर जोर दिया। सीमावर्ती क्षेत्रों में लोगों के सत्यापन की प्रक्रिया को संबंधित पुलिस चौकी का अमला अंजाम देगा।
बुधवार को पुलिस मुख्यालय में सीआईडी, सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, इंटेलिजेंस ब्यूरो और अन्य एजेंसियों के अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों पर मंथन किया। बैठक में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सर्दियों में सीमा पार से घुसपैठ, सुरंगों की खोदाई और हथियारों, नशीले पदार्थों को ड्रोन से गिराने की घटनाएं बढ़ने की आशंका पर चर्चा की गई। एसएसपी ने कहा कि सुरक्षा ग्रिड सीमा पार से होने वाली तमाम साजिशों को नाकाम करे। बैठक के दौरान सभी एजेंसियों ने अपने इनपुट और फीडबैक साझा किया।
एसएसपी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस चौकी प्रभारी सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर करने और तमाम लोगों के सत्यापन को लेकर जिम्मेवार होंगे। एसएसपी ने सभी पर्यवेक्षी अधिकारियों, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी को संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय और नियमित अनौपचारिक बैठकें करने का निर्देश दिया।
---
सीमावर्ती मार्गों पर मजबूत होंगे नाके
सीमावर्ती क्षेत्र से सटे मार्गों पर आवाजाही की निगरानी बढ़ाने के लिए नाके और मजबूत किए जाएंगे। संयुक्त नाकों के अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी नाकों की व्यवस्था में और सुधार के निर्देश दिए गए।