बाड़ी ब्राह्मणा। पुरमंडल की पंचायत खड़ा मदाना में शुक्रवार को पुलिस-पब्लिक बैठक हुई। बैठक में थाना प्रभारी त्रिभुवन खजूरिया विशेष तौर पर मौजूद थे। लोअर खड़ा मदाना के सरपंच अनिल शर्मा ने थाना प्रभारी के समक्ष समस्याएं रखीं और बताया कि इलाके में बढ़ रही चोरियों को लेकर पुलिस को गश्त बढ़ानी होगी। बाहरी क्षेत्र से आने जाने वाले लोगों पर नजर रखनी होगी।
इसके अलावा फेरीवाले और अन्य ऐसे लोग जो क्षेत्र में संदिग्ध देखें उनके खिलाफ भी पूरी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने बताया कि इलाके के पंच-सरपंच और लोग उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे, जिससे क्षेत्र में बढ़ रहे अपराध को खत्म किया जा सके। लोगों की समस्याओं को सुनने के बाद थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि पुलिस उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगी। वह लोग भी जिम्मेदारी को बखूबी समझें कि इलाके में किसी संदिग्ध या किराएदार और अन्य पर पूरी नजर रखें। उनका रिकॉर्ड चेक करें और कोई भी संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस को सूचित करें। संवाद