आरएस पुरा। पुलिस की तरफ से कस्बे के चौराहों पर नाके लगा कर विशेष कर दो पहिया वाहन के चालकों के चालान काटे जाने पर बाजार एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की। बाजार एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा ने कहा कि बाजार में खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों के चौराहों पर चलान करने से उनका कारोबार प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के सदस्यों ने बैठक कर एसडीएम से मांग करते हुए कहा कि पहले ही कोरोना जैसी महामारी व महंगाई के चलते दुकानदारों का कारोबार प्रभावित होने पर अब दो पहिया वाहन लेकर बाजार में लोग नहीं पहुंच रहे हैं। चोपड़ा ने कहा कि पुलिस को ऐसे लोगों के खिलाफ जरूर कार्रवाई करनी चाहिए। जो यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। पुलिस द्वारा लगाए नाकों पर कई दुकानदारों के भी चलान काटे जा रहे हैं। जो घर से दुकानों पर आते जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से लचीला रुख अपनाए जाने का आग्रह किया ताकि दुकानदारों का कारोबार प्रभावित न हो। इस दौरान बाजार एसोसिएशन के उपप्रधान सुदेश कुमार गोगी सहित अन्य सदस्य भी मौजूद थे।