जी20 की 22 से 24 मई तक प्रस्तावित बैठक की सुरक्षा की मंगलवार को केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने उच्च स्तरीय बैठक में समीक्षा की। आईबी के निदेशक तपन डेका के साथ उन्होंने जम्मू-कश्मीर प्रशासन व सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर यह सुनिश्चित किया कि सुरक्षा के साथ ही किसी प्रकार की व्यवस्था में कोई चूक न रहने पाए। इस बीच पुलिस प्रशासन ने आतंकवाद रोधी अभियानों में माहिर 109 पुलिस अफसरों की तैनाती की है। इनमें 26 एसपी तथा 86 डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारी हैं।
जी 20 की बैठक में सरल यातायात और सुरक्षा बंदोबस्त को लेकर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। बैठक में हिस्सा लेने वालों की सुरक्षा के लिए पुलिस अफसरों की बड़ी फौज तैनात की गई है। पूरे प्रदेश से एक एसएसपी, 25 एसपी और 83 डीएसपी रैंक के अफसरों को लगाया गया है। यह अधिकारी एडीजीपी कश्मीर जोन, एडीजीपी सिक्योरिटी और एडीजीपी यातायात पुलिस के साथ तैनात किए गए हैं।
इन अफसरों में अधिकतर अफसर ऐसे हैं, जो आतंकवाद ग्रस्त इलाकों में काम कर चुके हैं और आतंकरोधी अभियानों में शामिल रहे हैं। जम्मू संभाग में आतंकरोधी दल की कमान संभालने वाले एसपी नरेश सिंह और जम्मू पुलिस मुख्यालय के एसपी रमनीश कुमार भी इसमें शामिल हैं।
सुरक्षा समीक्षा के लिए भल्ला और डेका दोनों अधिकारी मंगलवार को दोपहर बाद श्रीनगर पहुंचे। उन्होंने यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की होने वाली बैठक की तैयारियों के साथ ही सुरक्षा के पहलू पर जम्मू-कश्मीर प्रशासन के अधिकारियों के साथ बात की। सूत्रों के अनुसार अब तक की तैयारियों व सुरक्षा व्यवस्था का पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन किया गया।
जी20 बैठक की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। इस दौरान भल्ला और डेका ने जम्मू-कश्मीर प्रशासन, पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
बैठक के हिस्से के रूप में जी20 प्रतिनिधियों के गुलमर्ग और श्रीनगर के अलावा कुछ अन्य पर्यटन स्थलों का दौरा करने की उम्मीद है। इस वजह से डल के साथ ही कश्मीर के अन्य पर्यटक स्थलों की सुरक्षा चाक चौबंद रखी जाएगी। सूत्रों का कहना है कि हाल में राजोरी और पुंछ में हुए दो बड़े आतंकी हमलों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने पर बल दिया गया है। इसके तहत एनएसजी कमांडो उन जगहों पर तैनात हो सकते हैं, जहां अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि जाएंगे। इसके अलावा नौसेना के मार्कोस कमांडो को डल झील और घाटी में अन्य जल निकायों में तैनात किए जाने की उम्मीद है।
इन अफसरों की तैनाती
पुलिस मुख्यालय की ओर से मंगलवार को इसे लेकर आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के तहत एडीजीपी सिक्योरिटी के साथ एसएसपी मुनीर अहमद, एसपी मसरूर अहमद मीर, फारूक अहमद, मसूद अहमद, चंद्रजीत सिंह, हीरा लाल, संजय शर्मा, विक्रम सिंह, राजेश संदल और 30 डीएसपी तैनात किए गए हैं। वहीं एडीजीपी कश्मीर जोन के साथ एसपी शब्बीर अहमद, सज्जाद अहमद, जसवीर सिंह, रमनीश कुमार, एजाज अहमद, सफदर हमीद, इफरोज अहमद, फयाज अहमद, रियाज अहमद, फारूक अहमद, अल्ताफ हुसैन, नरेश सिंह, मदन मोहन, एजाज मलिक, मुश्ताक अहमद, नईम अहमद और 50 डीएसपी तैनात किए गए हैं। जबकि यातायात पुलिस के साथ डीएसपी प्रदीप कुमार, अनूप कुमार और कपिल टिक्कृ रहेंगे।