डीपीएल जम्मू में जम्मू जिला पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान डीआईजी स्रोत पुलिस
- फोटो : samvad
- डीआईजी का पदभार संभालने के बाद पहली बार की अधिकारियों के साथ बैठक
- नशा मुक्त जम्मू पर फोकस करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अपराधियों को कानून के कटघरे में लाने और चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस को आधुनिक व पेशेवर तरीके अपनाने होंगे। ये निर्देश जम्मू-कठुआ-सांबा रेंज के डीआईजी श्रीधर पाटिल ने दिए हैं।
उन्होंने मंगलवार को जिला पुलिस लाइन जम्मू में आयोजित अपराध, सुरक्षा और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। डीआईजी का पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक थी। बैठक में नशा मुक्त जम्मू अभियान को मुख्य फोकस में रखते हुए नार्को टेरर नेक्सस को तोड़ने और आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी जोगिंदर सिंह ने जिले में अपराध और कानून व्यवस्था के मौजूदा परिदृश्य से डीआईजी को अवगत करवाया। पाटिल ने सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ रोधी ग्रिड और गांवों में वीडीजी के लिए एसओपी के कार्यान्वयन की समीक्षा की। अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने, नाका चेकिंग सख्त करने, खुफिया एजेंसियों के साथ तालमेल बनाने और शहर के सुरक्षा ग्रिड को मजबूत करने के लिए कहा। नशा मुक्त अभियान के तहत मादक पदार्थों के मामलों पर सख्ती करने और चोरी की घटनाएं रोकने के लिए मजबूत निगरानी तंत्र बनाने के निर्देश दिए।