आरएस पुरा। गांव कुल मोड़ में रहने वाले मनोहर लाल और गीता देवी के घर थाना प्रभारी अरनिया सरदार हरमिंदर सिंह जब केक लेकर पहुंचे तो परिवार के सदस्य हैरान रह गए। आखिर पुलिस विभाग तक यह बात कैसे पहुंची कि आज उनकी बेटी रिया का जन्मदिन है। थाना प्रभारी ने परिवार के साथ मिलकर केक काटा और बच्ची रिया को जन्म दिवस की मुबारकबाद दी। इस मौके पर सरपंच सरदार गुरदीप सिंह सैनी सहित पंचायत के अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
थाना प्रभारी सरदार हरमिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सरपंच के माध्यम से जानकारी मिली कि गांव कुल मोड़ में रहने वाले एक परिवार की बेटी का जन्मदिन है। थाना प्रभारी ने कहा कि उन्हें इस परिवार के साथ जन्म दिवस मनाने में ऐसा लगा जैसे वह अपने परिवार के साथ ही खुशी के पल साझा कर रहे हैं। सरपंच सरदार गुरदीप सिंह सैनी ने कहा कि उन्हें अपने पंचों के माध्यम से जानकारी मिली थी कि बच्ची का जन्मदिन है और परिवार वालों को केक नहीं मिल रहा है। इसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी से संपर्क किया। मौके पर पंचायत के नायब सरपंच प्यारेलाल, पंच सोमनाथ, पंच सत्या देवी, देवराज शर्मा, अंजू बाला, प्रवीण शर्मा, अमर सिंह, दर्शन सिंह सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।