सांबा के राजपुरा मे बाडर्र पुलिस चौकी के आस पास तैनात पुलिस जवान व पुलिस अधिकारी
- फोटो : SAMBA
सांबा। जिले के सीमावर्ती कसबा राजुपरा में स्थानीय लोगों के उस समय होश उड़ गए जब कस्बे के मुख्य चौक पर पुलिस जवान हथियारों से लैस होकर नाके लगाने लगे। राजपुरा बार्डर पुलिस चौकी पर फायर की आवाजें आने लगीं। लोगों ने सोचा बार्डर पुलिस चौकी पर आतंकी हमला हो गया है। बाद में पता चला कि आतंकियों से निपटने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्रिल चल रही है।
दरअसल, पुलिस की बख्तरबंद गाड़ियाें पर पुलिस जवान तैनात थे। आने-जाने वालों को चौक पर ही रोका जा रहा था। पुलिस जवानों ने पुलिस चौकी के पास लोगों को घरों के अंदर ही बंद रहने को कह दिया। पुलिस अधिकारी भी पुलिस चौकी के आसपास खड़े दिखे। फायरिंग की आवाज आ रही थी। कस्बे के लोगों को लगा कि आतंकी हमला हो गया है। एएसपी और डीएसपी तिलक राज भारद्वाज भी जवानों के साथ स्थिति का जायजा ले रहे थे।
राजपुरा कस्बा के चौक पर लोग एकत्रित होने लगे। पुलिस जवान उन्हें खदेड़ रहे थे कि आगे कोई नहीं जाएगा। आने जाने से वाहनों को भी रोका जा रहा था। बाद में जिला पुलिस प्रमुख शक्ति पाठक ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया। जब लोगों को पता चला कि यह आतंकी घटना से निपटने की ड्रिल है तो लोगों की जान में जान आई।