यंग इंडिया के बोल कार्यक्रम की जानकारी देते युवा कांग्रेस कार्यकर्ता।
विजयपुर। विधानसभा चुनाव के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) द्वारा यंग इंडिया के बोल-2021 का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में महासचिव जगप्रीत कौर और प्रवक्ता व प्रभारी अक्षय सिंह डधवाल ने कहा कि प्रतिभागियों का विवरण पहले चरण में गूगल फॉर्म से एकत्र किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी प्रेसवार्ता में दी गई।
अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में जिला स्तर पर प्रतियोगिता से पांच विजेताओं का चयन किया जाएगा। जिला युवा कांग्रेस के प्रवक्ता के रूप में नियुक्त किया जाएगा और अन्य दस विजेताओं को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लिए राज्य युवा कांग्रेस के प्रवक्ता के रूप में नियुक्त किया जाएगा। जगप्रीत कौर ने कहा कि प्रत्येक राज्य से पांच चयनित प्रतिभागी 14 नवंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे और विजेताओं को आईवाईसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में नियुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की धर्मनिरपेक्ष विचारधारा को फैलाने और मजबूत करने की परिकल्पना की गई है, साथ ही युवाओं को पार्टी का नेतृत्व करके सबसे पुरानी राष्ट्रीय पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने का अवसर प्रदान किया गया है।