सांबा। जिला प्रशासन ने आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आइकॉनिक वीक फेस्टिवल के तहत शुक्रवार को सांबा की सभी 101 पंचायतों में विभिन्न ग्रामीण खेलों का आयोजन किया। उपायुक्त अनुराधा गुप्ता ने कहा कि स्थानीय ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेलों का आयोजन किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि पीआरआई सदस्यों की सक्रिय भागीदारी के साथ नए विकसित प्लेफील्ड और स्कूलों में पंचायत भर में ग्रामीण खेलों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी किरण ज्योति ने बताया कि खो-खो, कुश्ती, गुल्ली डंडा, संतोलिया, कबड्डी, रस्साकसी, सतपु, गिट्टे, किकले, कांचे सहित ग्रामीण खेलों के अलावा अन्य इनडोर खेलों का भी आयोजन किया गया। सांबा की 101 पंचायतों के ग्रामीण खेलों में 1500 से अधिक बच्चों ने भाग लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक, सरपंच, पंच, बीडीसी अध्यक्ष के अलावा खेल विभागों के स्टाफ और स्थानीय लोग भी मौजूद थे।