सांबा। पैंथर्स पार्टी के नेता और पूर्व विधायक यशपाल कुंडल ने सरकार पर विकास परियोजनाओं के नाम पर किसानों की जमीन हथियाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जम्मू संभाग के लोगों के साथ बडे़-बडे़ वादे कर वोट हासिल करने के बाद उनके साथ विश्वासघात किया गया।
वह सोमवार को प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जम्मू के लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। सांबा में आज किसानों से कभी ट्रांसपोर्ट यार्ड बनाने के नाम पर तो कभी कृषि यूनिवर्सिटी बनाने के नाम पर तो कभी टोल प्लाजा बनाने के नाम पर जमीनें छीनी जा रही हैं। किसान दशकों से खेतीबाड़ी करते आ रहे हैं। सरकार उनसे जमीन छीन कर उन्हें बेरोजगार कर रही है। जो उचित नहीं है। पैंथर्स पार्टी किसानों के साथ नाइंसाफी सहन नहीं करेगी। प्रेसवार्ता में जिला प्रधान राजेश्वर सिंह विक्का, मोहिंदर सिंह, सुमित सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।