-पूर्व सांसद ने पीएम विश्वकर्मा एनएसडीसी प्रशिक्षण केंद्र का किया उद्घाटन
अखनूर। पीएम विश्वकर्मा योजना का लक्ष्य कारीगरों का वित्त पोषण और प्रशिक्षण देना है। हस्तशिल्प व पारंपरिक व्यापार को अपनाने और संरक्षित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह बात पूर्व सांसद राज्यसभा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा जम्मू-कश्मीर शमशेर सिंह मन्हास ने अखनूर में जेके एजुकेशनल ट्रस्ट द्वारा स्थापित पीएम विश्वकर्मा एनएसडीसी प्रशिक्षण केंद्र के उद्घाटन के बाद कही। इस मौके पर जिला विकास परिषद सदस्य अखनूर शारदा भाऊ भी मौजूद थे।
मन्हास ने कहा कि योजना के तहत 18 पारंपरिक हस्तशिल्प शामिल हैं। यह कौशल प्रशिक्षण, ऋण सहायता, डिजिटल लेनदेन के लिए प्रोत्साहन, उपकरण की खरीद के लिए प्रोत्साहन और विपणन व्यवसाय के लिए सहायता प्रदान करेगा। इससे न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में मदद भी मिलेगी।
पार्षद शारदा भाऊ ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद स्किल इंडिया जैसी कई योजनाएं शुरू हुई हैं। इनसे अनगिनत परिवारों को लाभ हुआ है। भाजपा नेत्री अनु मन्हास ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह योजना चलाकर सराहनीय कार्य किया है। जीके एजुकेशनल ट्रस्ट के गौरव खजूरिया ने कहा कि योजना वजीफा प्रदान करती है। प्रतिदिन कौशल प्रशिक्षण के लिए 500 रुपये और आधुनिक उपकरणों की खरीद के लिए 15,000 रुपये का अनुदान दिया जाएगा।