जम्मू कश्मीर में पांचवें और अंतिम चरण का चुनाव प्रचार करने जम्मू आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक बार फिर से जबान फिसल गई। इस बार वह अपने द्वारा ही शुरु की गई योजना की गलत जानकारी देते नजर आए।
पीएम जनधन योजना की बात करते हुए पीएम मोदी का हिसाब किताब गड़बड़ा गया। मोदी ने कहा, हमने गरीबों को बैंकों के साथ जोड़ा और अब तक नौ करोड़ खाते खुल चुके हैं।
गरीबों ने अब तक बैंकों में सात हजार करोड़ रूपए बैंक में जमा कराए हैं। यहां बता दें कि इससे पहले कठुआ की रैली में मोदी ने कहा था कि गरीबों ने बैंकों में इस योजना के तहत आठ हजार करोड़ रूपए जमा कराए हैं।
बता दें कि कठुआ रैली के दौरान भी मोदी ने आठ हजार करोड़ को पहले आठ करोड़ कहा था और गलती का एहसास होने के बाद अपने आप को ठीक किया था।
एके 47 के 'ट्रिगर' को ईवीएम की बटन से जबाव
मोदी ने कहा, अगर कुछ लोगों को एके 47 पर भरोसा है तो आपको दिखाना है कि आपकी अंगुली में उनकी अंगुली से ज्यादा ताकत है। ईवीएम मशीन पर बटन दबाकर आप उनके 'ट्रिगर' को करारा जवाब दें।
'मैं जम्मू की बीस सीटों की जनता से कहना चाहता हूं कि इस बार आप लोगों को मतदान के तमाम रिकॉर्ड टूटने चाहिए।' 'मैं आपके सपनों का साथी हूं, आपके दुखों का हिस्सेदार हूं, आपकी पीड़ा मेरी पीड़ा है, मैं आपके सपनों को संजोने आया हूं।'
नेशनल कांफ्रेंस, पीडीपी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, इन दलों के नेता बयान दे रहे हैं कि घाटी में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी। मोदी ने निशाना साधते हुए कहा, ये लोग घाटी और जम्मू को अलग-अलग समझते हैं यह उनके बयानों से झलकता है।