प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिशन कश्मीर के तहत विकास प्रोजेक्टों से अलगाववाद और आतंकवाद को मात देंगे। मिशन के तहत अलगाववादियों को अलग-थलग करने और आतंकवाद को कुचलने के साथ कश्मीरी युवकों का भटकाव रोकने के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के रणनीति तय की गई है। इसी क्रम में पीएम मोदी का जम्मू-कश्मीर का दौरा नवंबर के अंतिम सप्ताह या दिसंबर में संभव है।
दौरे में मोदी कश्मीर के जख्मों पर मरहम लगाने के साथ विकास प्रोजेक्टों की शुरुआत भी करेंगे। इसी क्रम में पीएम एशिया की सबसे बड़ी चिनैनी-नाशरी टनल भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अमर उजाला को बताया कि पीएम द्वारा चिनैनी-नाशरी टनल का उद्घाटन तय है।
डॉ. सिंह ने पीएम के संभावित दौरे के मद्देनजर टनल के निर्माण स्थल का दौरा दो महीने पहले किया था। तब टनल के इंजीनियरों ने एक-डेढ़ महीने का वक्त मांगा था। अब टनल पूरी तरह तैयार हो गई है। सड़क परिवहन मंत्रालय ने पीएमओ से प्रधानमंत्री के दौरे के लिए समय तय करने की मांग की है।
बीच में कश्मीर में हालात खराब हो जाने के कारण दौरे की तिथि तय नहीं हो पाई थी। अब हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। पीएम मोदी से चर्चा के बाद पीएमओ द्वारा दौरे की तिथि तय की जाएगी।