प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को एक बार फिर जम्मू में गरजेंगे। रियासत के आखिरी चरण में चुनाव प्रचार के सिलसिले में उनकी दो रैलियां आयोजित की गई हैं। बिलावर और जम्मू शहर में होने वाली रैलियों को लेकर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
एसपीजी ने रैली स्थल को कब्जे में ले लिया है। तवी किनारे तथा रुफ टाप सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। शहर में रैली में उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए रूट डायवर्जन किया गया है। सोमवार को पूरे दिन सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े अधिकारी रैलीस्थल तथा आस-पास के स्थलों का दौरा करते रहे।
मोदी की पहली रैली बिलावर के मांडली में सुबह 11 बजे आयोजित है। वहां के बाद वे दोपहर डेढ़ बजे जम्मू के मौलाना आजाद (एमए) स्टेडियम में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में रैली को संबोधित करेंगे। उम्मीद है कि रैली में भारी संख्या में लोग मोदी को सुनने के लिए पहुंचेंगे।