रणजी ट्राफी में 40 बार की चैंपियन मुंबई पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली जम्मू-कश्मीर टीम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। रेडियो पर अपने कार्यक्रम ‘मन की बात’ में मोदी ने टीम को बधाई दी। पीएम ने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर ने मुंबई क्रिकेट टीम को हराया।
मैं इसे जीत या हार की दृष्टि से नहीं, बल्कि अन्य संदर्भ में देखता हूं।’ मोदी ने कहा कि कुछ समय पहले जम्मू-कश्मीर के तमाम क्रिकेट मैदान बाढ़ के पानी में डूबे थे। पूरी रियासत समस्याओं में डूबी थी। इसके बावजूद टीम भावना से जम्मू-कश्मीर ने जो मुकाम हासिल किया, वह अप्रत्याशित है।
युवाओं ने साबित किया कि समस्याओं का सामना करने के बावजूद लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। यह जम्मू-कश्मीर ने कर दिखाया। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘जीत का समाचार सुन मुझे खुशी के साथ गर्व महसूस हुआ। मैंने टीम को जीत पर बधाई दी।’
रेडियो पर प्रधानमंत्री के संबोधन में जेएंडके क्रिकेट टीम को बधाई देने पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने खुशी जताई है। उमर ने ट्विटर पर लिखा, ‘अच्छा लगा, प्रधानमंत्री जी ने अपने रेडियो संबोधन में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम की उपलब्धियों को बताया।’
Very nice of PM @narendramodi ji to acknowledge the achievement of the J&K cricket team in his radio address today.— Omar Abdullah (@abdullah_omar) December 14, 2014