प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दुनिया के सबसे ऊंचे रेल पुल चिनाब ब्रिज समेत कई परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। पीएम मोदी ने चिनाब रेल ब्रिज का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने अंजी पुल का उद्घाटन भी किया। पीएम मोदी ने कटड़ा से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर श्रीनगर रवाना किया।
प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीमा पर पाकिस्तानी हमलों से हुए नुकसान के लिए अतिरिक्त मुआवजे की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जिन घरों को ज्यादा नुकसान हुआ है उन्हें 2 लाख रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे। पीएम मोदी ने कहा कि पाकिस्तान ने पहलगाम में इन्सानियत और कश्मीरियत, दोनों पर वार किया। उसका इरादा भारत में दंगे कराने का था, कश्मीर के मेहनतकश लोगों की कमाई रोकने का था, इसलिए पाकिस्तान ने पर्यटकों पर हमला किया।
पीएम ने कहा कि आज 6 जून है, संयोग से ठीक एक महीने पहले, आज की ही रात पाकिस्तान के आतंकियों पर कयामत बरसी थी। अब पाकिस्तान कभी भी ऑपरेशन सिंदूर का नाम सुनेगा तो उसे अपनी शर्मनाक शिकस्त याद आएगी। पाकिस्तानी फौज और आतंकियों ने कभी नहीं सोचा था कि भारत, पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों पर इस तरह वार करेगा। वर्षों की मेहनत से उन्होंने आतंक की जो इमारतें बनाई थीं, वो कुछ ही मिनटों में खंडहर बन गईं। जम्मू-कश्मीर का नौजवान अब आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने का मन बना चुका है। ये वो आतंकवाद है, जिसने घाटी में स्कूल जलाए, अस्पताल तबाह किए, जिसने कई पीढ़ियों को बर्बाद किया।
सीमा पर पाकिस्तानी गोलीबारी से प्रभावित परिवारों को मिलेगी और अधिक सहायता: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलाबारी से प्रभावित हुए परिवारों की पीड़ा, सरकार की भी अपनी पीड़ा है। उन्होंने बताया कि इन परिवारों को पहले ही घरों की मरम्मत के लिए आर्थिक सहायता दी गई थी, लेकिन अब केंद्र सरकार ने इस सहायता को और बढ़ाने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि जिन घरों को गंभीर नुकसान हुआ है, उन्हें अब दो लाख की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। इसके अलावा आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों को एक लाख की मदद दी जाएगी। यह सहायता पहली बार दी गई राशि के अतिरिक्त होगी।