नटरंग स्टूडियो की तरफ से संडे थियेटर के तहत रविवार को दो कलाकार नाटक का मंचन किया गया। थोड़ी हंसी और एक जानदार संदेश से भरे नाटक ने खूब मनोरंजन किया। दो दोस्तों की कहानी पर आधारित इस नाटक में कलाकारों ने अपने अभिनय की छाप छोड़ी और इसे लिखने वाले एवं निर्देशित करने वाले ने भी अपने प्रतिभा का लोहा मनवाया।
दो कलाकार दो दोस्तों की कहानी है, जो फिल्मों से प्रेरित है। चूड़ामनी लेखक है, जो हिंदी फिल्मों का बड़ा गीतकार बनना चाहता है, तो दूसरा (मरतंड)चित्रकार है। वह हिंदी फिल्मों का बड़ा कला निर्देशक बनना चाहता है। लेकिन उनका भाग्य वहां तक ले आता है, जहां उन्हें अपना क्रिएटिव दिमाग सिर्फ अपने किराएदार से बचने के लिए खर्च करना पड़ता है।
दोनों यहां पर रहते हैं, वहां के मकान मालिक को दोनों ने छह महीने से किराया नहीं दिया। इसलिए अपनी फिल्मों की कहानी के जरिये मकान मालिक को संतुष्ट करने में लगे रहते हैं। दोनों की कोशिश होती है कि किसी तरह से मकान मालिक से यह जतला दिया जाए कि वह बहुत बड़े कलाकार बनने वाले हैं, लेकिन एक समय ऐसा आता है, जब उनका दिमाग काम नहीं करता।
उनकी सारी कोशिशें फेल हो जाती हैं और उन्हें मकान खाली करना पड़ता है। दोनों कलाकार यह संदेश छोड़कर जाते हैं कि समाज में क्रिएटिव मांइड की कदर करने वाले बहुत कम हैं। चूड़ामनी का किरदार अमित रैना ने निभाया और मरतंड का किरदार मसूद कादिर ने निभाया।
रिकार्ड तोड़ प्रस्तुति से रक्तदान का संदेश
नटमंच ने शनिवार को शहर में रिकार्ड तोड़ 51 नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। अलग-अलग क्षेत्रों में किए गए खून दान नाटक को दर्शकों ने भी खूब सराहा। नाटक में कहीं व्यंग्य तो कहीं पैसों के घमंड और फिर कहीं खून की जरूरत पर दरबदर होने के दृश्यों को रखकर निर्देशक ने रक्त की महत्ता और रक्तदान के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की।
इसमें वह सफल भी होते नजर आए। सर्द मौसम में जहां कलाकार दृश्यों को जीवंत करने मेें कामयाब दिखे, वहीं हर चौराहे और गली में लोग रक्तदान जैसे विषय पर जागरूकता के लिए टीम की पहल करने पर तारीफ करते दिखे। शक्तिनगर से सुबह आठ बजे शुरू हुआ नाटक देर शाम संपन्न हुआ।
इस दौरान कैनाल रोड, ज्यूल चौक, रघुनाथ बाजार, पुरानी मंडी, रानी पार्क, कच्ची छावनी, परेड चौक, राजपुरा आदि जगहों पर किया गया। नाटक प्रस्तुत करने वालों में तरुण शर्मा, सौरभ मेहरा, निखिल मेहरा, रणजीत सिंह, मोहित शर्मा, ऋषभ सलगोत्रा, अमन शर्मा, राहुल कुमार, निखिल वर्मा, राहुल वर्मा शामिल रहे।