जुलाई से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा के लिए देश भर से साधु संतों का पहुंचना शुरू हो गया है। यात्रा में जाने के लिए काफी संख्या में साधु संत मंदिरों के शहर जम्मू में पहुंचकर विभिन्न स्थलों और बाजारों का रुख कर यात्रा का आनंद लेने में लगे हुए हैं। पुरानी मंडी स्थित श्री राम मंदिर की ओर से साधु-संतों के लिए रहने और खाने-पीने से लेकर यात्रा के लिए व्यवस्था बनाई गई है।
परेड ग्राउंड के सामने स्थित गीता भवन में भी साधु संतों के ठहरने की व्यवस्था बनाई गई है। पुरानी मंडी स्थित श्री राम मंदिर में साधु-संतों की मंडलियां पहुंची हुई हैं, जो यात्रा के पहले जत्थे में जाने के लिए अपनी पूरी तैयारी कर रहे हैं। स्वास्थ्य से संबंधित प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी कागजातों के बारे में भी जानकारी ले रहे हैं, ताकि यात्रा में जाने के दौरान किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े।
साधु-संत अपना समय व्यतीत करने के लिए भजन और संगीत का आनंद ले रहे हैं। यात्रा के दौरान स्वास्थ्य से संबंधित किसी समस्या से न जूझना पड़े इसके लिए योग और व्यायाम भी कर रहे हैं। दूसरी ओर परेड ग्राउंड सामने स्थित गीता भवन में मरम्मत का कार्य बड़ी तेजी के साथ चल रहा है। हाल और भवन के परिसर में टाइलें आदि लगाई जा रही हैं।