पौनी ब्लाक अंतर्गत पड़ने वाले श्री शिवखोड़ी धाम गुफा के बाहर सोमवार की शाम को पत्थर गिरने से एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे राज्य के दो अन्य भक्त गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार सोमवार को शिवखोड़ी में भोले नाथ का दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था।
इसमें दूसरे राज्यों के अलावा स्थानीय लोग भी शामिल थे। इसी बीच गुफा पहाड़ियों के बीचोबीच होने और बारिश के कारण पहाड़ी से पत्थर गुफा में गिर आए, जिससे दर्शन करने को आई महिला बाड़ी ब्रह्मणा जम्मू निवासी कमला कुमारी पत्नी कृष्ण लाल, गुजरात के राकेश राजपूत और इलाहाबाद (उत्तर प्रदेश) के रमेश चंद्र को गंभीर चोट लगी।
जांच करने पर पता चला कि महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि बाकी दोनों घायल श्रद्धालुओं को अनन-फानन में प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में दोनों को प्राइमरी हेल्थ सेंटर रनसू पहुंचाया गया।