पीजी आर्ट्स विभाग के खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए एस्काम को पछाड़कर अंतर कालेज (पुरुष) फुटबाल का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने शुरू से ही सामने वालों पर दबाव की रणनीति बनाकर खेला और उन्हें सफलता भी मिली। शारीरिक शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को विवि मैदान पर करवाए गए खिताबी मुकाबले में पीजी आर्ट्स के खिलाड़ियों ने शुरू से ही एस्काम पर जोरदार हमले किए।
मैच के 18वें मिनट में आयूष ने शानदार मूव बनाते हुए बाल को गोल पोस्ट में डालकर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद अन्य खिलाड़ियों ने भी जोश दिखाया और मैच के 25वें मिनट में राजा ने शानदार गोल ठोककर टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई। इसके बाद आयूष ने अपने शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए 29वें मिनट में अपना दूसरा और टीम की ओर से शानदार तीसरा गोल ठोककर 3-0 से बढ़त को मजबूत किया।
इस गोल के साथ ही दिलावर ने एक छोर से बाल को शानदार मूव बनाते हुए 31वें मिनट में गोल पोस्ट में डालकर टीम को 4-0 से बढ़त दिलाई। पहले हाफ में पीजी की रक्षापंक्ति मजबूत होने के कारण एस्काम के खिलाड़ियों को कोई सफलता हाथ नहीं लग सकी। हालांकि इस बीच एस्काम के खिलाड़ी कई बार बाल को लेकर गोल पोस्ट तक पहुंचे, लेकिन उसे भीतर डालने में कामयाब नहीं हो सके।
दूसरे हाफ के 40वें मिनट में एस्काम की ओर से सईद शहान को पहली सफलता मिली। इस गोल के बाद सईद ने अपने शानदार प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए 46वें मिनट में टीम की ओर से दूसरा गोल ठोका, लेकिन अन्य किसी भी खिलाड़ी के कुछ खास नहीं कर पाने से टीम को 5-2 से हार का मुंह देखना पड़ा। पीजी की ओर से गगनदीप सिंह ने पांचवां गोल ठोंका।
इस मुकाबले में रिकी, अमन, धीरज, तरणपाल ने तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाई। इस दौरान कुलपति प्रो. मोहन पाल सिंह ईशर ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए उन्हें आगे बढ़ने को प्रेरित किया। खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने निदेशक प्रो. ध्यान सिंह भाऊ, जय कुमार शर्मा, डा. आरपी खुडियार, एचएस चिब, डा. ब्रिज बलोरिया, रोमेश शर्मा, विकेश कुमार आदि पहुंचे।