कड़ाके की ठंड ऊपर से बिजली भी बंद। रविवार को करीब आधे शहर में कुछ ऐसी ही समस्या रही। ठंड से बचाव के चलते लोग घरों में दुबके रहे, लेकिन यहां भी बिजली तक न होने से लोगों को कोई राहत नहीं मिल पाई।
सुबह नौ बजे कनाल ग्रिड स्टेशन और पौनी चक्क ग्रिड स्टेशन के अंतर्गत इलाकों में गुल हुई बिजली दोपहर तीन बजे के बाद ही बहाल हुई।
इसी तरह आरएपीडीआरपी प्रोजेक्ट पर कार्य के चलते 17 जनवरी को ग्रीन बेल्ट, त्रिकुटा नगर के कुछ हिस्से, गांधी नगर, गोल मार्केट, बिक्रम चौक, विश्वविद्यालय, एमईएस और इसके आसपास के इलाकों में सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक बिजली की आपूर्ति प्रभावित रही।
आने वाले दिनों में भी राहत के आसार नहीं
कृष्णा नगर, डोगरा मोहल्ला, साइंस कालेज, शिव मंदिर, न्यू कृष्णा नगर, चांद नगर, अभिनव थियेटर, पटेल नगर, शक्ति नगर, लेन नंबर पांच, आठ, नौ, दो और 12 के अलावा मोहिंद्र नगर, आदि इलाकों में भी सुबह नौ से सायं पांच बजे तक बिजली की आपूर्ति प्रभावित रही।
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार आरएपीडीआरपी प्रोजेक्ट पर कार्य के अलावा बिजली ढांचे पर मरम्मत कार्य के चलते बिजली की समस्या पेश आई।
वहीं आने वाले दिनों में भी यह समस्या रहने वाली है। ठंड में रोजाना हो रही कटौती लोगों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है। कटौती को लेकर लोगों में खासा रोष व्याप्त है।