पेयजल संकट पर कोहराम मचने लगा है। जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे से सटे बरनोटी इलाके में पेयजल संकट से गुस्साए लोग हाईवे पर उतर आए।
हाईवे के यातायात को जाम कर ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बाद में विभागीय अधिकारी और पुलिस के हस्तक्षेप से ग्रामीणों को शंात किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चौबीस घंटों के भीतर पानी आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो वह फिर हाईवे पर उतर आएंगे। प्रदर्शनकारियों में शामिल हरबंस लाल शर्मा ने कहा कि पिछले नौ दिन से बरनोटी ट्यूबवेल की मोटर खराब है।
रोजाना पीने का पानी हासिल करना सबसे बड़ा लक्ष्य बन जाता है। ग्रामीण निकटवर्ती अन्य इलाकों से पानी लाने को मजबूर हो रहे हैं। इन परिस्थितियों के बावजूद विभागीय अधिकारियों का रवैया बेरूखा है।
प्रदर्शनकारियों में मोहिंदर सिंह, जगदीश सिंह, अमरीक सिंह, चंचला देवी, कमला देवी ने कहा कि गरमी का सीजन अभी शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन पीएचई विभाग की कार्यप्रणाली अभी से लोगों के लिए परेशानी का सबब बनने लगी है।
मोटर खराब होने पर कुछ दिन लोगों ने किसी तरह पानी का इंतजाम कर काम चलाया, लेकिन जब हफ्तों समस्या बनी रही, तो ग्रामीण सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए। पीएचई के तकनीकी विंग के अधिकारी व पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए। भरोसा दिलाया गया कि शनिवार को ही पानी की आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।